जशपुर/पत्थलगांव:-शादी का झूठा वादा और मांग में सिंदूर भरकर एक विवाहिता का तीन साल तक दैहिक शोषण करने वाले आरोपी को जशपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पत्थलगांव पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर फरार आरोपी को उसके गृह ग्राम से दबोचा।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पत्थलगांव थाना क्षेत्र निवासी 30 वर्षीय पीड़िता की वर्ष 2023 में अपनी एक सहेली के माध्यम से आरोपी दुर्योधन यादव (22 वर्ष) से पहचान हुई थी। पीड़िता ने परिचय की शुरुआत में ही युवक को अपनी पूर्व शादी और बच्चों के बारे में सब कुछ स्पष्ट बता दिया था। इसके बावजूद आरोपी ने महिला को अपने प्रेम जाल में फंसाया और विश्वास दिलाया कि वह न केवल उससे शादी करेगा, बल्कि उसके बच्चों का भी भरण-पोषण करेगा।

*मांग में सिंदूर भरकर जीता विश्वास, फिर किया शोषण!*

आरोपी की बातों पर भरोसा कर पीड़िता 31 मार्च 2023 को उसे अपने किराये के मकान पर ले गई। वहां आरोपी ने रिश्ते को सामाजिक मान्यता देने का नाटक करते हुए महिला की मांग में सिंदूर भरा और उसी रात करीब 11 बजे पहली बार शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद शादी का झांसा देकर 31 मार्च 2023 से 1 अक्टूबर 2026 तक लगातार महिला का दैहिक शोषण करता रहा। जब महिला ने साथ रखने और विधिवत शादी करने का दबाव बनाया, तो आरोपी ने उसे पत्नी बनाकर रखने से साफ इनकार कर दिया।

ठगी और शोषण का अहसास होने पर पीड़िता ने 24 अक्टूबर 2026 को थाना पत्थलगांव में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी दुर्योधन यादव के खिलाफ अपराध क्रमांक 253/2026 के तहत भादवि की धारा 376(2-एन) एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
एफआईआर दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस की टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। इसी बीच मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि आरोपी अपने गृह क्षेत्र में छिपा हुआ है। पत्थलगांव पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपी के गृह ग्राम में घेराबंदी की और उसे हिरासत में ले लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद पर्याप्त सबूतों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर 17 नवंबर 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
> “पत्थलगांव क्षेत्र में महिला को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। जशपुर पुलिस महिला संबंधी अपराधों को लेकर अत्यंत संवेदनशील है। ऐसे घृणित अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।”
> — डॉ. लाल उमेद सिंह, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जशपुर
>

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!