*50 सीट वाले प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास में क्षमता से अधिक रह रही हैं बालिकाएं!
* मुख्य गेट के ऊपर कंटीले तार व जाली न होने के साथ ही सीसीटीवी कैमरे भी नदारद, अधीक्षिका ने पुलिस चौकी में की शिकायत।

जशपुरनगर/कोतबा:-नगर पंचायत कोतबा स्थित शासकीय प्री-मैट्रिक अनुसूचित जनजाति कन्या छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रही छात्राओं की सुरक्षा को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। मंगलवार (17 नवंबर) की आधी रात करीब 12 बजे कुछ अज्ञात बाहरी युवक छात्रावास परिसर में घुस आए और कमरों के दरवाजे व खिड़कियां खटखटाकर छात्राओं को डराने-धमकाने का प्रयास किया। इस घटना के बाद से छात्रावास में रह रही बालिकाएं काफी भयभीत हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए छात्रावास अधीक्षिका ने पुलिस चौकी कोतबा में लिखित आवेदन देकर रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा संचालित इस छात्रावास की स्वीकृत क्षमता मात्र 50 सीटों की है, लेकिन वर्तमान में यहां 82 बालिकाएं रहकर शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। इतनी बड़ी संख्या में बालिकाओं के निवास के बावजूद भवन की बाहरी सुरक्षा में भारी लापरवाही देखी जा रही है। मुख्य प्रवेश द्वार के ऊपर सुरक्षा के लिहाज से लगाई जाने वाली जाली और कंटीले तार (फेंसिंग) टूटे हुए और खुले पड़े हैं। गेट के पास लगे पिलर पर केवल खुले सरिये निकली हुई स्थिति में हैं। इसके अतिरिक्त, पूरे छात्रावास परिसर में निगरानी के लिए एक भी सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है, जिसके कारण रात के अंधेरे में घुसने वाले अज्ञात बदमाशों की पहचान और निगरानी नहीं हो पा रही है और उनके हौसले बुलंद हैं। इसी लचर व्यवस्था का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व आसानी से दीवार फांदकर परिसर के भीतर प्रवेश कर जाते हैं।

*आधी रात दरवाजा-खिड़की खटखटाने से मची दहशत!*

छात्रावास अधीक्षिका द्वारा चौकी प्रभारी को सौंपे गए आवेदन के अनुसार, 17 नवंबर की रात लगभग 12 बजे बाहरी लड़कों ने परिसर में घुसकर छात्राओं के कमरों के दरवाजे और खिड़कियां खटखटाईं और उन्हें खोलने के लिए आवाजें लगाईं। अचानक हुई इस हरकत से सो रही छात्राएं जाग गईं और डर के मारे सहम गईं। ज्ञात हो कि छात्रावास के मुख्य द्वार पर स्पष्ट रूप से सूचना अंकित है कि शाम 5:00 बजे के पश्चात किसी भी पुरुष वर्ग का प्रवेश वर्जित है, इसके बावजूद सुरक्षा घेरा कमजोर होने के कारण बाहरी तत्वों के हौसले बुलंद हैं।

*प्रशासन और पुलिस से सुरक्षा पुख्ता करने की मांग..!*
घटना के बाद छात्रावास प्रबंधन ने पुलिस प्रशासन से रात्रि के समय छात्रावास के आसपास नियमित पुलिस गश्त कराने की अपील की है। साथ ही, अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों ने भी विभागीय अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए मांग की है कि छात्रावास की बाउंड्रीवॉल और मुख्य गेट के ऊपर तत्काल मजबूत जाली व कंटीले तार लगाने के साथ-साथ परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और छात्राएं निडर होकर अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।
मामले को लेकर चौकी प्रभारी टीआर सारथी ने बताया कि आज दोपहर 3 बजे इसकी शिकायत प्राप्त हुई है। घटना को संज्ञान में लिया जा रहा है। निरीक्षण के साथ-साथ नियमित जवानों की गश्त बढ़ाई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि घटना के समय तत्काल चौकी पुलिस या 112 को फोन कर सूचना देनी चाहिए थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!