
@ट्रांसफर के बाद भी कुर्सी पर जमा ऑपरेटर, रिलीव न होने के पीछे गहरी सांठगांठ की आशंका!
@पंजीयन कराने आने वाले पक्षकारों से अवैध वसूली का आरोप, पत्थलगांव निवासी ने जांच के लिए सौंपा शिकायती पत्र!

जशपुर/रायपुर:-जशपुर स्थित उप पंजीयक (रजिस्ट्री) कार्यालय में पदस्थ एक ऑपरेटर की कथित ‘काली कमाई’ और रसूख का मामला अब आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) तथा एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की चौखट तक पहुंच गया है। महज 12,000 रुपये मासिक मानदेय पाने वाले आउटसोर्सिंग ऑपरेटर पर आय से अधिक अकूत चल-अचल संपत्ति जुटाने और रजिस्ट्री कराने आने वाले आम नागरिकों से अवैध वसूली करने के संगीन आरोप लगे हैं। इस संबंध में पत्थलगांव निवासी सुरेश यादव ने ईओडब्ल्यू/एसीबी रायपुर के पुलिस अधीक्षक को विधिवत शिकायत सौंपकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
*4-5 साल से एक ही जगह जमा, तबादले के बाद भी नहीं छोड़ी कुर्सी!*
शिकायत पत्र में उल्लेख किया गया है कि विजय कुमार बुनकर (टॉपग्रेड मैनपावर एंड सिक्योरिटी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से नियुक्त ऑपरेटर) पिछले लगभग 4 से 5 वर्षों से उप पंजीयक कार्यालय जशपुर में ही अंगद की तरह पैर जमाए बैठा है।
आरोप है कि संबंधित ऑपरेटर का स्थानांतरण आदेश (क्रमांक 3858) 23 अक्टूबर 2026 को जशपुर से बगीचा के लिए जारी किया जा चुका है। इसके बावजूद आज पर्यंत वह जानबूझकर भारमुक्त (रिलीव) नहीं हुआ है। तबादले के बाद भी उसी सीट पर जमे रहना कार्यालयीन मिलीभगत और गहरी सांठगांठ की ओर इशारा कर रहा है।
*मासिक वेतन 12 हजार, लेकिन ठाठ-बाट देखकर उड़े होश!*
शिकायतकर्ता के अनुसार, पंजीयन कार्यालय में लंबे समय तक एक ही जगह टिके रहने की आड़ में रजिस्ट्री कराने आने वाले सीधे-सादे व भोले-भाले पक्षकारों को अनावश्यक परेशान किया जाता है और उनसे अवैध वसूली की जाती है। ऑपरेटर की ज्ञात आय का स्रोत केवल लगभग 12,000 रुपये प्रति माह का मानदेय है, जबकि उसका रहन-सहन, भारी-भरकम खर्च और अर्जित चल-अचल संपत्ति इस आय से कई गुना अधिक प्रतीत होती है। यह स्थिति प्रथम दृष्टया आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्शाती है।
*कलेक्टर और आईजी पंजीयन को भी भेजी गई प्रतिलिपि!*
शिकायतकर्ता ने जांच एजेंसियों से मांग की है कि उक्त ऑपरेटर की संपत्ति और पदस्थापना के दौरान की गई अवैध वसूली की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही यह भी कहा है कि जांच के दौरान आवश्यकता पड़ने पर वे संबंधित साक्ष्य व दस्तावेज प्रस्तुत करने को तैयार हैं।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायती पत्र की प्रतिलिपि महानिरीक्षक पंजीयन एवं अधीक्षक मुद्रांक (नवा रायपुर), कलेक्टर जशपुर, पुलिस अधीक्षक जशपुर तथा संबंधित आउटसोर्सिंग एजेंसी के प्रबंधक को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजी गई है।
अब देखना यह होगा कि ट्रांसफर आदेश को धता बताकर कुर्सी पर जमे इस ऑपरेटर पर प्रशासन और जांच एजेंसी क्या कड़ा एक्शन लेती हैं।
?? मेरे खिलाफ लगाए गए
आरोप निराधार है.आय से अधिक संपत्ति का मामला मुझे फसाने का है.रही बात मेरे ट्रांसफर बगीचा पंजीयक शाखा हुआ है लेकिन रिलीफ नही होने के कारण जशपुर कार्यालय में पदस्थ हूँ।
*विजय कुमार बुनकर* ऑपरेटर जिला पंजीयक शाखा जशपुरनगर













