
फरसाबहार ग्राम पंचायत बाबूसाजबहार में स्वर्गीय श्री सिलबानूस एक्का जी की पावन स्मृति में भव्य क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्साह और हर्षोल्लास के साथ किया गया। शुभारंभ अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, खेलप्रेमी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत फरसाबहार के सभापति एवं जनपद पंचायत सदस्य दयानिधि मानिक शामिल हुए। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में बीडीसी बासुदेव नायक, ग्राम पंचायत बाबूसाजबहार के सरपंच संजय भगत, समिति अध्यक्ष चन्द्रदेव राय, धोबा पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अतिथियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों द्वारा विधिवत रूप से क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल हमारे जीवन में अनुशासन, एकता, आपसी भाईचारे और सहयोग की भावना विकसित करते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के खेल आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है। क्रिकेट प्रतियोगिताएं युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के साथ-साथ उनमें टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करती हैं।
अतिथियों ने कहा कि स्वर्गीय श्री सिलबानूस एक्का की स्मृति में आयोजित यह प्रतियोगिता उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। ऐसे आयोजन ग्रामीण अंचलों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का सराहनीय प्रयास हैं।
कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों एवं खेलप्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों के खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करने और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की शुभकामनाएं दीं।
इस आयोजन को लेकर क्षेत्र के युवाओं एवं खेलप्रेमियों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।













