
जशपुर। रणजीता स्टेडियम में स्कॉर्पियो वाहन से खतरनाक स्टंटबाजी करने वाले चालक के खिलाफ यातायात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10,300 रुपये का समन शुल्क लगाया। पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई कर चालक को भविष्य में यातायात नियमों का उल्लंघन नहीं करने की समझाइश दी।
जशपुर पुलिस ने बताया कि 1 जनवरी से 20 अक्टूबर 2026 तक जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन के 15,076 मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 69,51,900 रुपये का समन शुल्क लगाया गया है। पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने तथा सड़क पर स्टंटबाजी से बचने की अपील की है।
*➡️ जशपुर पुलिस की आम नागरिकों से अपील*
डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों, स्टंटबाजी करने और मोडिफाइड वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट पहनकर वाहन चलाएं और खुद सुरक्षित रहते हुए दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।
जशपुर पुलिस द्वारा यातायात नियमो का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। आम नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा है, ताकि जिले मे सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सके और सभी के लिए सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।













