जशपुर/पत्थलगांव। समाज से बहिष्कृत व्यक्ति को दोबारा समाज में शामिल करने के नाम पर कथित रूप से रकम मांगने के मामले में जशपुर पुलिस ने समाज के तत्कालीन अध्यक्ष शेखर प्रसाद बंजारा को गिरफ्तार किया है। आरोपी को 13 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
₹2 लाख मांगने का लगाया आरोप
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बटुराबहार निवासी गोपाल बंजारा (31 वर्ष) ने न्यायिक मजिस्ट्रेट, कोरबा के न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत किया था। प्रार्थी ने आरोप लगाया कि समाज से बहिष्कृत किए जाने के बाद दोबारा समाज में शामिल होने के लिए आवेदन करने पर समाज के पदाधिकारियों द्वारा उससे रकम की मांग की गई थी।
परिवाद के अनुसार, समाज में पुनः शामिल करने के एवज में तत्कालीन अध्यक्ष शेखर प्रसाद बंजारा को ₹2 लाख देने की बात कही गई थी। प्रार्थी ने आरोप लगाया कि 23 सितंबर 2022 को ₹1 लाख अलग-अलग बैंक खातों से ट्रांसफर किए गए थे। इसमें ₹60 हजार फोन-पे के माध्यम से शेखर बंजारा के खाते में तथा ₹40 हजार प्रार्थी के मित्र के इंडसइंड बैंक खाते से ट्रांसफर किए जाने का उल्लेख किया गया है। इसके बावजूद दोबारा रकम मांगने का आरोप लगाते हुए प्रार्थी ने न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत किया था।
न्यायालय के आदेश पर दर्ज हुआ मामला
मामले में न्यायिक मजिस्ट्रेट, कोरबा के आदेश पर थाना सिविल लाइन रामपुर, कोरबा में अपराध पंजीबद्ध किया गया। घटनास्थल पत्थलगांव थाना क्षेत्र में होने के कारण प्रकरण को थाना पत्थलगांव भेजा गया, जहां अपराध क्रमांक 149/2026 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस ने प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2), 61(2), 3(5) तथा नागरिक अधिकार संरक्षण अधिनियम, 1955 की धारा 7(2) के तहत कार्रवाई की है।
विवेचना के बाद आरोपी गिरफ्तार
विवेचना के दौरान पुलिस ने प्रार्थी एवं गवाहों के बयान दर्ज किए और संबंधित बैंक खातों से आवश्यक जानकारी जुटाई। इसके बाद ग्राम बटुराबहार के गौटियापारा निवासी शेखर प्रसाद बंजारा (32 वर्ष), पिता राजकुमार बंजारा, को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया अपराध घटित होना पाए जाने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक, प्रकरण में अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी पतासाजी की जा रही है। संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उनकी तलाश की जा रही है। मामले में आगे की विवेचना एवं वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पत्थलगांव निरीक्षक जितेंद्र कुमार ताम्रकार एवं उनकी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
*➡️ मामले में डी आई जी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह ने बताया कि थाना पत्थलगांव क्षेत्रांतर्गत समाज से बहिष्कृत कर वापस शामिल करने हेतु रुपए मांगने के मामले में पुलिस ने तात्कालीन समाज अध्यक्ष शेखर बंजारा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है, मामले से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की पता साजी की जा रही है।समाज में किसी व्यक्ति को बहिष्कृत कर उसके पुनः शामिल होने के नाम पर अवैध रूप से धन की मांग करना कानून के दायरे में जांच का विषय है। ऐसे मामलों में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा, कठोर कानूनी कार्यवाही की जावेगी।*













