उमस भरी गर्मी में बिजली गुल, भालूमुंडा के ग्रामीण बेहाल
अंकिरा क्षेत्र के भालूमुंडा गांव में बुधवार को उमस भरी गर्मी के बीच बिजली आपूर्ति बाधित रहने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दिनभर गर्मी और उमस से लोग परेशान रहे, वहीं बिजली नहीं होने के कारण घरों के अंदर रहना भी मुश्किल हो गया।
बिजली गुल होने से पंखे और अन्य विद्युत उपकरण बंद रहे। गर्मी से राहत पाने के लिए कई ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकलकर पेड़ों के नीचे बैठने को मजबूर हुए। ग्रामीणों ने पेड़ की छांव में बैठकर गर्मी से राहत पाने का प्रयास किया।
ग्रामीणों का कहना है कि उमस और गर्मी के बीच लंबे समय तक बिजली नहीं रहने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से क्षेत्र में बिजली व्यवस्था सुचारु रखने और बार-बार होने वाली बिजली कटौती की समस्या का समाधान करने की मांग की है।













