
पत्थलगांव। जनगणना कार्य में बाधा डालने और जनगणना प्रगणक शिक्षक के साथ मारपीट कर धमकी देने के मामले में फरार आरोपी को पत्थलगांव पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला थाना पत्थलगांव क्षेत्र के ग्राम सुरेशपुर का है।
जानकारी के अनुसार, जनगणना कार्य के दौरान आरोपी ने प्रगणक शिक्षक को फर्जी बताते हुए उसके साथ मारपीट की थी। इस दौरान शिक्षक का आईडी कार्ड छीनकर फेंक दिया गया और उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। घटना की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना पत्थलगांव में अपराध क्रमांक 97/2026 दर्ज किया था।
मामले में धारा 221, 132, 296, 351(3) एवं 115(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। आरोपी की पहचान कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष कराई गई, जहां प्रार्थी ने आरोपी को पहचान लिया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी शुभम कुजूर (26 वर्ष), निवासी रामभाटा, संजय मैदान, हरदिया गली, थाना सिटी कोतवाली रायगढ़, जिला रायगढ़ (छत्तीसगढ़) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।













