जशपुर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन द्वारा शनिवार को बाइक हेलमेट जागरूकता रैली निकाली गई। कलेक्टर रोहित व्यास, पुलिस कप्तान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह तथा नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद कुमार भगत के नेतृत्व में निकली इस रैली में 70 से अधिक पुलिस व नगर सेना के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।
रैली रक्षित केंद्र जशपुर से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों—टिकिटगंज, बाघिमा, महाराज चौक, रणजीता स्टेडियम, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, भागलपुर, दरबारी टोली, बाजार डांड और बस स्टैंड होते हुए पुनः रक्षित केंद्र पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान “हेलमेट पहनें, सुरक्षित रहें” का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि अधिकांश दोपहिया दुर्घटनाओं में मौत का कारण सिर पर गंभीर चोट होती है, जिसे हेलमेट पहनकर काफी हद तक रोका जा सकता है। वहीं कलेक्टर रोहित व्यास ने कहा कि दोपहिया वाहन चालक और पीछे बैठने वाले दोनों के लिए हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट अनिवार्य है।
नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद कुमार भगत ने नागरिकों से जिम्मेदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि नशे में वाहन चलाना, तेज गति और नियमों की अनदेखी दुर्घटनाओं के मुख्य कारण हैं, इसलिए इनसे बचना जरूरी है।
अंत में उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई। प्रशासन ने सख्त निर्देश दिए हैं कि सभी शासकीय कर्मचारी व पुलिस जवान स्वयं नियमों का पालन कर आम लोगों के लिए उदाहरण बनें। बिना हेलमेट वाहन चलाते पाए जाने पर चालानी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!