
तुमला थाना क्षेत्र के ग्राम बाबूसाजबहार के काटा मुड़ा में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। जानकारी के अनुसार ओडिशा की ओर से स्कूटी पर सवार भाई-बहन टागरगांव अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मोड़ के पास स्थित पुलिया पर स्कूटी अनियंत्रित होकर रेलिंग से जा टकराई।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों स्कूटी से उछलकर पुलिया के पास जा गिरे। हादसे में स्कूटी चला रही बहन के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि भाई को भी चोटें आई हैं।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत मदद शुरू की। ग्राम सरपंच संजय भगत ने तत्परता दिखाते हुए 108 एम्बुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायल युवती को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
ग्रामीणों के मुताबिक, उक्त स्थान पर मोड़ और पुलिया होने के कारण पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों ने प्रशासन से वहां सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है।
















