​0.मैनपाट की खूबसूरत वादियों में चल रही ‘सांवली सलोनी’ गीत की शूटिंग, स्थानीय कलाकारों को मिल रहा मंच।
0.जल्द शुरू होगी स्व. दिलीप सिंह जूदेव पर बायोपिक की तैयारी।

​कोतबा:- प्राकृतिक सौंदर्य, घने जंगलों, कल-कल करती नदियों, झरनों और समृद्ध आदिवासी संस्कृति से परिपूर्ण छत्तीसगढ़ अपनी एक अलग और अनुपम पहचान रखता है। राज्य की इसी प्राकृतिक सुंदरता और अनूठी ‘भाखा’ (बोली) को देश-विदेश तक पहुंचाने का बीड़ा सरगुजा संभाग के जशपुर जिले के रहने वाले गौरव गुप्ता ने उठाया है। वे अपने यूट्यूब चैनल ‘टी म्यूजिक’ के जरिए छत्तीसगढ़ी गीतों के माध्यम से न केवल पर्यटन को बढ़ावा दे रहे हैं, बल्कि राज्य के स्थानीय कलाकारों को भी एक बड़ा मंच प्रदान कर रहे हैं।
इसी कड़ी में इन दिनों ‘छत्तीसगढ़ के शिमला’ कहे जाने वाले मैनपाट की खूबसूरत वादियों में, बारिश के सुहावने मौसम के बीच एक नए छत्तीसगढ़ी गीत ‘सांवली सलोनी’ की शूटिंग की जा रही है। गौरव गुप्ता ने बताया कि इस प्रोजेक्ट में सीतापुर के स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी गई है। इस सुमधुर गीत को रामा लहरे और भीमा बंजारे ने अपनी आवाज दी है, जबकि दिलीप रजक और यशिका निराला अपनी टीम के साथ इसमें अभिनय कर रहे हैं। पहाड़ों और झरनों के बीच फिल्माया जा रहा यह गीत जल्द ही ‘टी म्यूजिक’ यूट्यूब चैनल पर दर्शकों को देखने को मिलेगा।
​
*0.करोड़ों दर्शकों का मिल रहा है प्यार*

पांच साल पहले कुछ नया करने की ललक के साथ शुरू किए गए गौरव गुप्ता के इस प्रयास को आज अभूतपूर्व सफलता मिल रही है। उनके चैनल को यूट्यूब पर करोड़ों दर्शकों का प्यार मिल रहा है। ‘टी म्यूजिक’ पर पहले से ही बस्तर, जशपुर, रायपुर, कोरबा और सरगुजा के पर्यटन और संस्कृति को दर्शाने वाले कई बेहतरीन छत्तीसगढ़ी गीत मौजूद हैं, जिन्हें दर्शकों द्वारा खूब सराहा गया है।
​
*0.स्व. दिलीप सिंह जूदेव पर बनेगी फिल्म*

गौरव गुप्ता ने अपने आगामी और सबसे बड़े प्रोजेक्ट की जानकारी देते हुए बताया कि वे जल्द ही जशपुर के गौरव रहे स्व. दिलीप सिंह जूदेव के जीवन पर एक फिल्म (बायोपिक) बनाने जा रहे हैं। इस बड़े प्रोजेक्ट की तैयारियां अगले महीने से शुरू कर दी जाएंगी। उन्होंने बताया कि इस ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को सफल बनाने के लिए उन्हें राज्य सरकार के सहयोग की भी अपेक्षा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!