
जशपुर। सिटी कोतवाली पुलिस ने ऑपरेशन शंखनाद के तहत ग्राम खरसोता के जंगल में कार्रवाई करते हुए 14 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से सकुशल बरामद किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी तस्कर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि उसके दो साथी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग बोरोकोना जंगल के रास्ते से गौवंशों को पैदल हांकते हुए खरसोता पुलिया के रास्ते झारखंड की ओर ले जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर संदिग्ध गौ तस्कर गौवंशों को छोड़कर भागने लगे। पीछा करने पर पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रेम सुधार राम (28 वर्ष), निवासी डड़गांव, चौकी मनोरा, जिला जशपुर के रूप में हुई है। मौके से बरामद सभी 14 गौवंशों का पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया।
पुलिस ने मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत अपराध दर्ज किया है। फरार दोनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश जारी है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मोर ध्वज देशमुख, उप निरीक्षक संजीव कायता सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी रहेगा।













