
जशपुर /तपकरा।
वनमण्डल जशपुर के तपकरा परिक्षेत्र अंतर्गत कोल्हेनझरिया परिसर में सड़क निर्माण कार्य के दौरान वन क्षेत्र से कथित रूप से निर्धारित सीमा से बाहर मिट्टी उत्खनन किए जाने के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर उत्खनन में प्रयुक्त जेसीबी मशीन को जब्त कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य के लिए वन विभाग की अनुमति धारा 3(2) के तहत निर्धारित शर्तों के साथ दी गई थी। अनुमति के अनुसार सड़क की चौड़ाई 3.75 मीटर निर्धारित थी। आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान निर्धारित सीमा का पालन नहीं करते हुए सड़क के शोल्डर निर्माण के लिए वन क्षेत्र से मिट्टी की खुदाई की जा रही थी।
मामले की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभाग ने कार्य को अनुमति में निर्धारित सीमा से बाहर पाया। इसके बाद विभागीय टीम ने कार्रवाई करते हुए मिट्टी उत्खनन में प्रयुक्त जेसीबी मशीन को जब्त कर लिया।
बताया गया कि जब्त जेसीबी मशीन को आवश्यक कार्रवाई एवं आगामी प्रक्रिया के लिए उच्च कार्यालय भेजने की कार्रवाई की जा रही है। वन विभाग द्वारा वन क्षेत्र में अनधिकृत उत्खनन और निर्माण कार्यों को लेकर निगरानी बढ़ाने की बात कही गई है।
कार्रवाई के दौरान परिक्षेत्राधिकारी तपकरा प्रवीण वर्मा, परिक्षेत्र सहायक गोबिंद राम यादव, बीएफओ नंदकुमार यादव, अमित कुमार पाणिग्राही, नरेश कुजूर, अरविंद, रामकृष्ण एवं अनिल प्रधान सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद वन क्षेत्र में सड़क निर्माण सहित अन्य कार्यों के दौरान निर्धारित अनुमति एवं शर्तों के पालन को लेकर सख्ती का संदेश गया है। विभाग द्वारा मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।













