महिलाओं और बच्चों के सशक्तिकरण पर जोर, उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व महिलाओं का हुआ सम्मान

फरसाबहार लावाकेरा:- सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लावाकेरा के जूनाडीह में ‘आंगन मिलन सेवा उत्सव’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की महिलाओं, बच्चों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुई। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित विभिन्न गतिविधियों तथा महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों के लिए शासन द्वारा संचालित
जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। महिलाओं के लिए विभिन्न मनोरंजक एवं सहभागितापूर्ण प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिसमें माताओं और बहनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

👉कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती दुलारी सिंह, भूतपूर्व सरपंच राजेश्वर नायक, पूर्व पंच महेश्वर राम, कालेश्वर सहित पंचगण, जिला किसान मोर्चा महामंत्री श्री कपिलेश्वर सिंह सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान
आंगनबाड़ी क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाली कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने सम्मानित महिलाओं एवं आंगनबाड़ी परिवार के सदस्यों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके कार्यों की सराहना की।
वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं और बच्चों का सशक्तिकरण समाज के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी है। शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना और समाज के अंतिम व्यक्ति को योजनाओं से जोड़ना सेवा का वास्तविक उद्देश्य है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण महिलाओं, बच्चों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को एक मंच मिलता है तथा उनमें नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होता है।
‘आंगन मिलन सेवा उत्सव’ के दौरान ग्रामीणों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के माध्यम से जहां महिलाओं एवं बच्चों की प्रतिभा को मंच मिला, वहीं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति ग्रामीणों में जागरूकता भी बढ़ी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!