सांस्कृतिक एकता के संग बारो में दुर्गा पूजन समिति का शानदार आयोजन

जशपुरनगर /अंकिरा

दुर्गा पूजन समिति बारो द्वारा मौसम की खराबी और बच्चों की छुट्टियों को ध्यान में रखते हुए दशहरा में होने वाले अंतिम कार्यक्रम को दीपावली के अवसर पर मनाया गया। इस अवसर पर गोवर्धन पूजा एवं भाई दूज के पावन पर्व पर नायक प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य श्री वेदप्रकाश भगत, मंडल अध्यक्ष श्री मुक्तेश्वर साय एवं श्री घनश्याम यादव रहे। अतिथियों ने माँ दुर्गा की पूजा अर्चना के पश्चात दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
रात्रिकालीन मेला के रूप में आयोजन स्थल पर भव्य कार्यक्रम हुआ, जिसमें समिति द्वारा चुस्त-दुरुस्त व्यवस्था की गई थी। छर्रा एवं बागबहार की नाटक मंडलियों ने अपनी शानदार कला-कौशल से दर्शकों का मन मोह लिया।

मेला अत्यंत आकर्षक रहा, जहाँ सैकड़ों दुकानों के स्टॉल लगाए गए थे। बच्चे, युवक एवं महिलाएँ झूलों व विभिन्न मनोरंजक झांकियों का आनंद लेते देखे गए।
अतिथि गणों ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजनों से क्षेत्र में सांस्कृतिक एकता और भाईचारे को बढ़ावा मिलता है।
समिति अध्यक्ष श्री सुरेश साय ने मंच निर्माण की मांग रखी, जिस पर जिला पंचायत सदस्य श्री वेदप्रकाश भगत ने तुरंत स्वीकृति देते हुए आगामी दुर्गा पूजन तक मंच निर्माण पूर्ण कराने की घोषणा की।
कार्यक्रम के अंत में समिति की ओर से सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग बनाए रखने की कामना की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!