दीप प्रज्वलन के साथ तमामुंडा में अटल जयंती क्रिकेट प्रतियोगिता का आगाज


अटल जयंती पर तमामुंडा में पांच दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्म जयंती के अवसर पर ग्राम तमामुंडा में उनके स्मृति स्वरूप पांच दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस खेल आयोजन का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना एवं अटल जी के विचारों और योगदान को स्मरण करना रहा।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि दयानिधि मानिक, सभापति जनपद पंचायत सदस्य फरसाबहार द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है बल्कि अनुशासन, टीम भावना और आपसी भाईचारे को भी मजबूत करता है। ऐसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में आयोजन समिति के अध्यक्ष तेजू मानिक, उपाध्यक्ष जगत राम, चक्रेश, सुशील, सचिव सुनील, कोषाध्यक्ष संजय बेहरा, नरसिंग, अमर, बसंत सहित ग्राम पंचायत फरसाबहार के सरपंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता के दौरान आसपास के गांवों की टीमों की भागीदारी देखने को मिलेगी, जिससे क्षेत्र में खेल भावना का माहौल बना है। आयोजन समिति द्वारा प्रतियोगिता को शांतिपूर्ण और अनुशासित ढंग से संपन्न कराने की अपील की गई है। कार्यक्रम के सफल संचालन में ग्रामीण युवाओं की सक्रिय भूमिका रही।
पांच दिनों तक चलने वाली इस क्रिकेट प्रतियोगिता को लेकर गांव में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है, वहीं अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती को खेल और सामाजिक एकता के माध्यम से याद किया जाना सराहनीय पहल मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!