“श्री शिव मंदिर भूमि पूजन के उपलक्ष्य में टोंगरीपारा में हुआ भव्य धार्मिक आयोजन, कथा वाचिका सुश्री रेखा दीदी जी के आगमन पर फूलों की बारिश और गाजे-बाजे के साथ हुआ ऐतिहासिक स्वागत, एक दिवसीय राम कथा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब”

Oplus_131072

जशपुर।
जशपुर जिले के फरसाबाहर के कोरंगामाल अंतर्गत टोंगरीपारा गांव गुरुवार को भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगा नजर आया, जब प्रसिद्ध कथा वाचिका सुश्री रेखा दीदी जी का भव्य आगमन हुआ। गुरुवार शाम लगभग 4 बजे जैसे ही उनका टोंगरीपारा आगमन हुआ, खड़िया समाज के लोगों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने फूलों की वर्षा, ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ उनका ऐतिहासिक स्वागत किया। पूरे गांव में धार्मिक उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
जानकारी के अनुसार जय राम डनसेना एवं समस्त ग्रामवासियों के द्वारा श्री शिव मंदिर के भूमि पूजन के पावन अवसर पर इस धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसी उपलक्ष्य में एक दिवसीय राम कथा का आयोजन रखा गया, जिसमें सुश्री रेखा दीदी जी ने श्रीराम के जीवन चरित्र, मर्यादा, भक्ति और संस्कारों पर विस्तार से कथा वाचन किया।
राम कथा के दौरान बड़ी संख्या में आसपास की ग्राम पंचायतों से श्रद्धालु टोंगरीपारा पहुंचे। कार्यक्रम में महिला, पुरुष, बुजुर्ग और युवा सभी वर्गों की भागीदारी रही। कथा स्थल पर भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालु भगवान श्रीराम के भजनों और प्रवचनों में लीन नजर आए।
ग्रामीणों ने बताया कि श्री शिव मंदिर के निर्माण से क्षेत्र में धार्मिक गतिविधियों को और बढ़ावा मिलेगा तथा यह स्थान आने वाले समय में आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा। आयोजन को सफल बनाने में ग्रामवासियों और आयोजकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!