बंजारा समाज का ऐतिहासिक अधिवेशन: सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार, महिलाओं को मिली मुख्यधारा में जगह..!

जशपुर /कोतबा:- रायगढ़-जशपुर बंजारा समाज के किलकिला परिक्षेत्र का वार्षिक अधिवेशन शनिवार, 28 फरवरी को उत्साह और संकल्प के साथ संपन्न हुआ। इस महाधिवेशन में समाज के उत्थान के लिए न केवल कई कठोर निर्णय लिए गए, बल्कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक मिसाल पेश करते हुए पहली बार किसी महिला को महत्वपूर्ण सांगठनिक जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम की शुरुआत समाज के आराध्य गुरु नानक देव जी के तैल चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुई। इसके पश्चात समाज द्वारा निर्मित श्री राम जानकी मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की गई। अधिवेशन में युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठजनों की भारी उपस्थिति ने सामाजिक एकजुटता का परिचय दिया।
महासभा के दौरान वर्ष 1993 में बनी नियमावली और 2015-16 के संशोधनों पर गहन चिंतन किया गया। सामाजिक परिवेश को देखते हुए सर्वसम्मति से कुछ महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए जिसमें नशा मुक्ति की ओर सार्थक कदम उठाते हुये सामाजिक कार्यक्रमों में मांस और मदिरा परोसने पर पूर्णतः प्रतिबंध लगा दिया गया है।
इसके साथ ही दशगात्र (मृत्यु भोज) और छठी जैसे कार्यक्रमों में कपड़ों या कीमती वस्तुओं के लेनदेन पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया, ताकि आर्थिक बोझ कम हो सके।
मर्यादा का पालन हेतु अंतर्जातीय विवाह करने वालों पर पूर्ण रूप से सामाजिक प्रतिबंध का प्रावधान किया गया है।
*महिला सशक्तिकरण: सावित्री बंजारा बनीं नई कोषाध्यक्ष..!*
अधिवेशन का सबसे ऐतिहासिक क्षण वह रहा जब किलकिला परिक्षेत्र के अध्यक्ष श्री नंदकुमार बंजारा ने कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए श्रीमती सावित्री बंजारा (तिलडेगा) को समाज का नया कोषाध्यक्ष नियुक्त किया। यह पहला अवसर है जब बंजारा समाज में किसी महिला को इतने महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी दी गई है। समाज का यह निर्णय पारदर्शिता, ईमानदारी और हर वर्ग को साथ लेकर चलने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों और स्वजातीय बंधुओं ने किलकिला स्थित राम जानकी मंदिर परिसर में ही एक भव्य सामाजिक भवन बनाने का संकल्प लिया। समाज के लोगों के जनसहयोग से निर्मित होने वाले इस भवन की तैयारी शीघ्र शुरू करने की बात कही गई।
इस गरिमामय आयोजन में परिक्षेत्र के सैकड़ों सामाजिक बंधु और वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने समाज हित में एकजुट होकर कार्य करने की शपथ ली।
“हमारा उद्देश्य समाज को पारदर्शी, नशा मुक्त और प्रगतिशील बनाना है। महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी ही हमारे समाज को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।”
श्री नंदकुमार बंजारा, अध्यक्ष (किलकिला परिक्षेत्र)
















