जशपुर में ज़िला शिक्षा अधिकारी का गरिमामय विदाई समारोह सम्पन्न


जिला मुख्यालय जशपुर में ज़िला शिक्षा अधिकारी पी. के. भटनागर के सेवा निवृत्ति अवसर पर भावपूर्ण एवं गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के सभी 8 विकास खंडों के शिक्षकगण तथा छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन के प्रांतीय, जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
अपने कार्यकाल के दौरान श्री भटनागर ने जिले की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार लाने तथा विद्यालयों में अनुशासन और नवाचार को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में शिक्षा क्षेत्र में कई सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिले।
समारोह में प्रांतीय महासचिव टिकेश्वर भोय, जिला अध्यक्ष अजय कुमार गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष सीमा गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष सागर प्रसाद यादव, जिला संरक्षक कायम अली, अवनीश पांडे सहित अनेक पदाधिकारियों एवं शिक्षक साथियों ने अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने श्री भटनागर के सरल, सौम्य और दृढ़ व्यक्तित्व की सराहना करते हुए कहा कि उनका प्रशासनिक कौशल और शिक्षकों के प्रति सहयोगात्मक दृष्टिकोण सदैव स्मरणीय रहेगा।
अपने उद्बोधन में श्री भटनागर ने कहा, “समय की पाबंदी ही सफलता की पहली सीढ़ी है। यदि हम समय का सम्मान करेंगे, तो समय भी हमें सम्मान देगा।” उन्होंने लक्ष्य प्राप्ति के लिए स्पष्ट एवं सुव्यवस्थित कार्ययोजना की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुनियोजित प्रयास और सामूहिक सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने शिक्षक संगठन की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संगठन केवल आंदोलन के लिए नहीं, बल्कि उत्कृष्ट एवं रचनात्मक कार्यों के लिए भी पहचाना जाना चाहिए। उन्होंने फेडरेशन को एक सशक्त और संगठित मंच बताते हुए उसके सकारात्मक प्रयासों की प्रशंसा की।
अंत में फेडरेशन की ओर से उन्हें पुष्पगुच्छ, शॉल-श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। श्री भटनागर ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जशपुर जिला उनके हृदय में सदैव विशेष स्थान रखेगा।
समारोह के समापन पर उपस्थित सभी शिक्षकों ने उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुखद जीवन और उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएँ दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!