हल्दीमुण्डा बस हादसा: 5 की मौत, मातम में बदला इलाका; नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील ने घायलों की मदद के लिए झोंकी ताकत

सजन बंजारा की रिपोर्ट

​जशपुर /कुनकुरी | 06 मार्च 2026 जशपुर जिले के हल्दीमुण्डा में आज एक भीषण बस दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। अनियंत्रित होकर बस पलटने से 5 यात्रियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। मलबे में तब्दील हुई बस की तस्वीरें हादसे की भयावहता को बयां कर रही हैं।
​अस्पताल पहुंचे नगर पंचायत अध्यक्ष, लिया घायलों का हाल
​घटना की सूचना मिलते ही कुनकुरी नगर पंचायत अध्यक्ष श्री विनयशील सक्रिय हुए। उन्होंने तत्काल CHC कुनकुरी और हॉलीक्रॉस हॉस्पिटल का दौरा किया। वहां उन्होंने बेड के पास जाकर एक-एक घायल से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। घायलों के बीच पहुंचे अध्यक्ष ने उन्हें ढांढस बंधाया और प्रशासन की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिया।
​बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफरल और आर्थिक मदद
​जिन मरीजों की स्थिति नाजुक थी और जिन्हें बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है, विनयशील ने स्वयं उनके परिजनों से संपर्क साधा। उन्होंने न केवल व्यक्तिगत रूप से आर्थिक सहायता प्रदान की, बल्कि CMHO से फोन पर चर्चा कर अंबिकापुर में घायलों के लिए विशेष चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निवेदन भी किया।
​प्रशासनिक संवेदनशीलता: पंचनामा और मुक्तांजलि की व्यवस्था
​शोक संतप्त परिवारों की पीड़ा को देखते हुए अध्यक्ष ने पुलिस प्रशासन से विशेष अनुरोध किया है कि पंचनामा की प्रक्रिया अविलंब पूरी की जाए ताकि पोस्टमार्टम (PM) में देरी न हो। इसके साथ ही, उन्होंने CMHO से समन्वय कर ‘मुक्तांजलि वाहन’ की व्यवस्था करवाई है ताकि दिवंगत जनों के पार्थिव शरीरों को सम्मानपूर्वक उनके पैतृक गांवों तक पहुंचाया जा सके।
​”हल्दीमुण्डा में हुई यह दुर्घटना अत्यंत हृदयविदारक है। इस कठिन घड़ी में हम पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं। शासन-प्रशासन से हमारा प्रयास है कि घायलों को सर्वोत्तम इलाज और प्रभावित परिवारों को त्वरित आर्थिक सहायता मिले।”
— विनयशील, अध्यक्ष, नगर पंचायत कुनकुरी
​क्षेत्र में शोक की लहर
​इस दर्दनाक हादसे के बाद हल्दीमुण्डा सहित पूरे कुनकुरी क्षेत्र में शोक की लहर है। विनयशील ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिवारों को इस अपार कष्ट को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!