महिला दिवस पर ग्राम पंचायत आमडीहा में सांस्कृतिक कार्यक्रम, महिलाओं ने नृत्य-गीत से दिया नारी शक्ति का संदेश
फरसाबाहर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत आमडीहा में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेते हुए नृत्य-गीत की प्रस्तुति दी और नारी शक्ति, एकता एवं जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में गांव की महिलाओं और ग्रामीणों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक गीतों और सामूहिक नृत्य के माध्यम से महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। महिलाओं की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को आकर्षित किया और पूरे माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भरत साय उपस्थित रहे। वहीं जनपद अध्यक्ष हेमंती साय, जिला पंचायत सदस्य (डी.डी.सी.) श्रीमती दुलारी सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष कपिलेश्वर सिंह एवं ग्राम पंचायत आमडीहा के सरपंच बालक साय सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तपकरा क्षेत्र की डी.डी.सी. श्रीमती दुलारी सिंह ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सरकार द्वारा अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से उन्हें विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान की सुविधा भी मिल रही है और सरकार की पहल से महिलाएं “लखपति दीदी” बनकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
उन्होंने महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि वे शासन की योजनाओं का लाभ लेकर अपने परिवार और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों ने सभी महिलाओं को महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं और समाज में महिलाओं के योगदान को सराहते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं ग्रामीणों ने भी इस आयोजन की सराहना करते हुए इसे महिलाओं के सम्मान और जागरूकता के लिए एक अच्छा प्रयास बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!