जशपुर। जिले के बगीचा व सन्ना क्षेत्र में hedgexfund नामक नेटवर्क कंपनी के जरिए ग्रामीणों को रुपए दुगुना करने का लालच देकर ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से 5 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया उर्मिला बाई (26 वर्ष), निवासी ग्राम कापू टोली, थाना सन्ना ने 10 अप्रैल 2026 को थाना बगीचा में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2023 में उसकी पहचान ग्राम रूपसेरा भलमंडा निवासी कलेश्वर राम व मीनी बाई (पति-पत्नी) से हुई थी। कुछ समय बाद वे अन्य आरोपियों के साथ प्रार्थिया के घर पहुंचे और खुद को hedgexfund नेटवर्क कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए निवेश पर 3 माह में रकम दोगुनी करने का झांसा दिया।
आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि यदि रकम दोगुनी नहीं हुई तो ब्याज सहित वापस कर दी जाएगी। इस लालच में आकर प्रार्थिया व उसकी मां सहित कई ग्रामीणों ने नगद व ऑनलाइन माध्यम से आरोपियों को पैसे दिए। प्रार्थिया ने कुल 1 लाख 70 हजार रुपए तथा उसकी मां ने 40 हजार रुपए निवेश किए।
आरोपियों द्वारा निवेश के बाद पीड़ितों को एक ऑनलाइन वॉलेट की आईडी और पासवर्ड दिया गया, जिसमें राशि डॉलर में दिखती थी। कुछ समय बाद यह वॉलेट बंद हो गया और आरोपियों ने पैसे लौटाने में टालमटोल शुरू कर दी। तब पीड़ितों को ठगी का अहसास हुआ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने धारा 420, 34 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने शिवशंकर राम, मीनी बाई, कलेश्वर राम, अनिल लकड़ा, शिवनाथ राम और नीरा सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवशंकर राम के कब्जे से एक टोयोटा टायजर कार भी जब्त की है।
पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया है। पांच आरोपियों को जेल भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में और भी पीड़ित सामने आ सकते हैं तथा ठगी की रकम लाखों से अधिक होने की संभावना है।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी योजना में निवेश करने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूर करें और लालच में आकर पैसे निवेश न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!