फरसाबहार/जशपुर

विकासखंड फरसाबहार के ग्राम लावाकेरा में इन दिनों भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। यहां 16 प्रहर का अखंड संकीर्तन शुरू हो गया है, जिससे पूरे गांव में “हरे कृष्ण हरे राम” के भजन गूंज रहे हैं और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया है।
कार्यक्रम की शुरुआत कलश यात्रा एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां शामिल होकर श्रद्धा भाव से भागीदारी निभाई। आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की धर्मपत्नी कौशल्या साय, जिला पंचायत सदस्य दुलारी सिंह तथा भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष कपिलेश्वर सिंह
सरपंच पूर्णनीमा, रेणुका पाणिग्रही , विष्णु पाणिग्रही
महिधर सिंह, मुकेश पाणिग्रही सहित गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
श्रीमती कौशल्या साय ने विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की और भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद लिया। संकीर्तन के दौरान विभिन्न भजन मंडलियों द्वारा निरंतर भजन-कीर्तन प्रस्तुत किया जा रहा है, जिससे माहौल और अधिक आध्यात्मिक हो गया है।
विशेष रूप से हर प्रहर भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया जा रहा है, जिसमें विविध प्रकार के व्यंजन शामिल हैं। भोग के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया जा रहा है।
आयोजन के समापन पर विशाल भंडारा एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि इस तरह के धार्मिक आयोजन न केवल आध्यात्मिक चेतना को बढ़ाते हैं, बल्कि सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं। आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!