जशपुर। गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत जशपुर पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। थाना लोदाम क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 9 नग गौवंश को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया और एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार 14 अप्रैल 2026 को लोदाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में गौवंशों को भरकर झारखंड की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने नेशनल हाईवे-43 पर भलमंडा तिराहा के पास नाकाबंदी की। पुलिस को देख आरोपी वाहन छोड़कर जंगल की ओर भाग गया, लेकिन बाद में सर्च अभियान चलाकर उसे पकड़ लिया गया।
पुलिस ने पिकअप वाहन क्रमांक JH-01-FP-3193 से ठूस-ठूस कर भरे गए 9 गौवंशों को सुरक्षित बरामद किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान इमरान खान (28 वर्ष), निवासी साईं टांगर टोली, थाना लोदाम के रूप में हुई है।
आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत मामला दर्ज कर 15 अप्रैल को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले भी गौ तस्करी व चोरी के कई मामले दर्ज हैं।
लगातार कार्रवाई जारी
जशपुर पुलिस द्वारा पिछले दो सप्ताह में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 82 गौवंशों को मुक्त कराया गया है और 8 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त 2 पिकअप और 1 ट्रक भी जब्त किए गए हैं।

मामले में डी आई जी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह ने बताया कि गौ तस्करी को लेकर जशपुर पुलिस अत्यंत सक्रिय है, गत दो सप्ताह में 82 गौ वंशों को पुलिस ने मुक्त कराया है, मुखबिर तंत्र को मजबूत किया गया है, गौ तस्करी में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जायेगा। ऑपरेशन शंखनाद निरंतर जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!