फरसाबहार विकासखंड के बनगांव में आयोजित सुशासन शिविर में शिक्षा विभाग द्वारा वर्ष 2025-26 के उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों की जानकारी साझा की गई। इस वर्ष विकासखंड का 10वीं, 12वीं तथा केंद्रीकृत परीक्षा 5वीं एवं 8वीं का रिजल्ट बेहद सराहनीय रहा।

 

कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में विकासखंड का उत्तीर्ण प्रतिशत 96.45% दर्ज किया गया। वहीं 106 विद्यार्थियों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विकासखंड का नाम रोशन किया। इसी प्रकार कक्षा 12वीं में 96.61% विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए तथा 49 छात्रों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए।
केंद्रीकृत परीक्षा में भी फरसाबहार विकासखंड का प्रदर्शन शानदार रहा। कक्षा 5वीं में 1726 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी और सभी विद्यार्थी उत्तीर्ण रहे। वहीं कक्षा 8वीं में 1762 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी तथा सभी सफल हुए। इस तरह दोनों कक्षाओं का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा।
शिविर के दौरान शिक्षा विभाग द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी कक्षा 5वीं एवं 8वीं में संकुल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। साथ ही कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विकासखंड स्तर के टॉपर विद्यार्थियों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।
बनगांव शिविर अंतर्गत 9 संकुल शामिल हुए, जिनमें 7 हाईस्कूल एवं हायर सेकंडरी स्कूल शामिल हैं। कुल 35 मेधावी छात्र-छात्राओं को उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जनपद पंचायत फरसाबहार अध्यक्ष श्रीमती हेमंती साय, अध्यक्षता जिला पंचायत सदस्य श्री वेद प्रकाश भगत तथा अति विशिष्ट अतिथि श्री भरत साय उपस्थित रहे। वहीं जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार फरसाबहार एवं जनपद पंचायत सीईओ सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षक, पालक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!