जशपुर। जिले के केरसई क्षेत्र की घासी मुंडा बस्ती में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही तपकरा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, करीब एक वर्ष पहले विवाह कर ससुराल आई ललिता यादव बुधवार रात अपने कमरे में अकेली सो रही थी। बताया जा रहा है कि उसका पति किसी काम से बाहर गया हुआ था। गुरुवार सुबह जब घर के लोगों ने कमरे में जाकर देखा तो ललिता मृत अवस्था में पड़ी थी। उसके मुंह से झाग निकल रहे थे, जिससे मौत को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।
घटना की जानकारी मृतका के सास-ससुर ने पड़ोसियों को दी। इसके बाद पड़ोसियों ने मृतका के मायके पक्ष और तपकरा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
तपकरा पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
इधर, मृतका के मायके वालों ने भी उसकी मौत को लेकर संदेह जताया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने बताया कि मायके पक्ष के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक आधिकारिक जानकारी का इंतजार करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!