नोनिया ताला के प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, जनपद सदस्य मेनका बेसरा की मौजूदगी में हुआ ध्वजारोहण, बच्चों ने दी रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुति,
दुलदुला/जशपुर। विकासखंड दुलदुला के संकुल केंद्र सीरिमकेला अंतर्गत प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय नोनिया ताला में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में जनपद सदस्य श्रीमती मेनका बेसरा, जनपद सदस्य श्रीमती रश्मिता तथा पूर्व जनपद सदस्य श्रीमती समुद्री बेसरा की विशेष उपस्थिति रही।
माध्यमिक विद्यालय नोनिया ताला में शाला प्रबंध समिति के पूर्व अध्यक्ष श्री शुभक राम ने ध्वजारोहण किया, जबकि प्राथमिक विद्यालय में शाला प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्री हलधर राम दानी ने तिरंगा फहराया। इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर उपस्थित ग्रामीणों का मन मोह लिया।

जनपद सदस्य श्रीमती मेनका बेसरा ने बच्चों को राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और शिक्षा के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को नगद पुरस्कार प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। पूर्व जनपद सदस्य श्रीमती समुद्री बेसरा ने भी बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया और नगद राशि देकर प्रोत्साहित किया।
हल्की बारिश के बीच आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्र से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए और बच्चों के कार्यक्रम का आनंद लिया। विद्यालय की ओर से सभी बच्चों को पेन प्रदान किया गया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित ग्रामीणों एवं बच्चों को प्रसाद और मिष्ठान का वितरण किया गया।
इस अवसर पर माध्यमिक विद्यालय के प्रधान पाठक श्री आनंद कुमार लकड़ा, प्राथमिक विद्यालय की प्रधान पाठक श्रीमती रजनी, शिक्षक श्री भुवनेश्वर सूर्यवंशी, श्री राजेश कुमार साय, सहायक शिक्षक श्री कैलाश कुजूर, कु. वीणा सिंह सहित अन्य कर्मचारी श्री युधिष्ठिर यादव, श्रीमती कुशमनी एवं श्रीमती सविता तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
