फरसाबहार। सावन सोमवार के तीसरे सोमवार के पावन अवसर पर क्षेत्र के प्रसिद्ध आस्था केंद्र कोतेबिरा शिवधाम में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की ओर से आयोजित इस भंडारे को लेकर तपकरा एवं पंडरीपानी भाजपा मंडल के कार्यकर्ताओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
कोतेबिरा शिवधाम में सावन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन और पूजन के लिए पहुंचते हैं। इस बार तीसरे सावन सोमवार के अवसर पर आयोजित होने वाले विशाल भंडारे में जशपुर जिले के साथ झारखंड और ओडिशा से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए आयोजन स्थल पर प्रसाद वितरण, श्रद्धालुओं के आवागमन, बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर कार्यकर्ताओं द्वारा व्यापक तैयारी की जा रही है।
भंडारे में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। प्रसाद वितरण से लेकर भीड़ प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए कार्यकर्ता लगातार आयोजन स्थल पर तैयारियों में जुटे हुए हैं।
तपकरा मंडल अध्यक्ष दिलीप साहू एवं पंडरीपानी मंडल अध्यक्ष मुक्तेश्वर साय ने बताया कि विशाल भंडारे को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां लगातार जारी हैं। श्रद्धालुओं की संख्या को ध्यान में रखते हुए व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोतेबिरा शिवधाम क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है और सावन सोमवार के अवसर पर यहां दूर-दराज से श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रवासियों सहित झारखंड और ओडिशा से आने वाले श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि सावन सोमवार के इस पावन अवसर पर कोतेबिरा शिवधाम पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का दर्शन एवं पूजन करें तथा विशाल भंडारे में प्रसाद ग्रहण करें।
आयोजकों के अनुसार, श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आयोजन को व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं की टीम लगातार तैयारियों में लगी हुई है। सावन सोमवार के दिन कोतेबिरा शिवधाम में भक्तिमय माहौल के साथ विशाल भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!