कोतईबिरा/जशपुरनगर।

कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कोतईबिरा धाम में शिव मंदिर समिति के तत्वावधान में तीन दिवसीय श्री अष्टप्रहरी नाम महायज्ञ एवं रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जा रहा है। धार्मिक आस्था, भक्ति और परंपरा से जुड़े इस आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और भक्तिमय माहौल बना हुआ है।

*इस धार्मिक अनुष्ठान में छत्तीसगढ़ सहित पड़ोसी राज्य ओडिशा एवं झारखंड से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और भक्तगण पहुंच रहे हैं।*

आयोजन के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 22 नवंबर रविवार को अधिवास एवं भव्य कलश यात्रा के साथ धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ किया गया। कलश यात्रा में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके पश्चात 23 नवंबर सोमवार को सुबह 8 बजे से श्री अष्टप्रहरी नाम महायज्ञ प्रारंभ हुआ। महायज्ञ के दौरान विभिन्न कीर्तन मंडलियों द्वारा हरे राम, हरे कृष्ण के संकीर्तन से पूरा कोतईबिरा धाम भक्तिमय हो उठा।
*इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती दुलारी सिंह सहित भाजपा के कई जनप्रतिनिधि एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री कपिलेश्वर सिंह ,नटवर मुंदडा, रमेश मांझी, खूनर साय, कलेस जय सवाल विशेष रूप से शामिल हुए।*
उन्होंने धार्मिक आयोजन में सहभागिता निभाते हुए श्रद्धालुओं के साथ पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया।
ओडिशा और छत्तीसगढ़ की कीर्तन मंडलियां दे रहीं भक्ति की प्रस्तुति
अष्टप्रहरी नाम महायज्ञ में ओडिशा की कीर्तन मंडली के साथ छत्तीसगढ़ की विभिन्न कीर्तन मंडलियां भी शामिल हुई हैं। मंडलियों द्वारा पारंपरिक वाद्ययंत्रों और भक्ति गीतों के माध्यम से भगवान श्रीहरि के नाम का गुणगान किया जा रहा है। कीर्तन और संकीर्तन की मधुर धुन से कोतईबिरा धाम का वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक और भक्तिमय बना हुआ है।

*ईब नदी तट पर कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए जुटेंगे श्रद्धालु*

कार्तिक पूर्णिमा के विशेष अवसर पर ईब नदी के पावन तट पर श्रद्धालुओं द्वारा स्नान किया जाएगा। इस धार्मिक परंपरा में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़, ओडिशा और झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों से भक्तगण कोतईबिरा धाम पहुंच रहे हैं। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर ईब नदी में स्नान, पूजा-अर्चना एवं भगवान के नाम संकीर्तन को विशेष धार्मिक महत्व दिया जाता है। इस दौरान दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की भागीदारी से कोतईबिरा धाम में मेले जैसा माहौल देखने को मिल रहा है।
24 नवंबर को होगा महायज्ञ का समापन, रात्रि में नाटक एवं मेला
तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन के अंतिम दिन 24 नवंबर मंगलवार को संकीर्तन समापन, दही हांडी भंजन, पूर्णाहुति एवं प्रसाद वितरण का कार्यक्रम संपन्न होगा। इसके साथ ही कार्यक्रम में मेले एवं आकर्षक नाटक का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालुओं और ग्रामीणों के बड़ी संख्या में शामिल होने की उम्मीद है।

शिव मंदिर समिति कोतईबिरा द्वारा इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं। समिति ने छत्तीसगढ़, ओडिशा एवं झारखंड सहित आसपास के सभी श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कोतईबिरा धाम पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने, ईश्वर का आशीर्वाद प्राप्त करने एवं धर्मलाभ लेने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!