ऑपरेशन आघात : उड़ीसा से पकड़ाया 98 किलो गांजा सप्लायर, जशपुर पुलिस ने भेजा जेल

जशपुर।
मादक पदार्थों की तस्करी पर शिकंजा कसते हुए जशपुर पुलिस ने “ऑपरेशन आघात” के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने उड़ीसा से गांजा सप्लाई करने वाले आरोपी पुरस्तम बारीक (उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम टटरकिला, थाना बानसुनी, जिला बोधा, उड़ीसा) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई चौकी कोतबा क्षेत्रांतर्गत फरवरी 2025 में पकड़े गए 98 किलो 600 ग्राम गांजा मामले से जुड़ी है।

ऐसे खुला मामला
16 फरवरी 2025 को चौकी कोतबा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद मारुति ब्रेजा (क्रमांक CG10BE3848) में उड़ीसा से अवैध गांजा लाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने ग्राम राजाआमा में घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। तलाशी में 98 किलो 600 ग्राम गांजा बरामद हुआ और आरोपी चैतन्य यादव (उम्र 27 वर्ष, निवासी बरखुरिया, थाना लैलूंगा, जिला रायगढ़) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

पूछताछ में चैतन्य यादव ने खुलासा किया कि गांजा उसने उड़ीसा निवासी पुरस्तम बारीक से खरीदा था। इसके बाद जशपुर पुलिस ने आरोपी सप्लायर को पकड़ने के लिए मुखबिर तंत्र और टेक्निकल टीम को सक्रिय किया।
शातिर तरीके से छिप रहा था आरोपी
पुरस्तम बारीक बार-बार अपना ठिकाना बदल रहा था, जिससे पुलिस को उसे पकड़ने में समय लग रहा था। आखिरकार टेक्निकल टीम को सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव टटरकिला (उड़ीसा) में है। पुलिस टीम ने मौके पर जाकर घर की घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया और जशपुर लाया।
अपराध स्वीकार और कार्रवाई
पूछताछ में पुरस्तम बारीक ने स्वीकार किया कि वह व्हाट्सऐप के जरिए चैतन्य यादव से संपर्क में था और उसने ही उसे गांजा सप्लाई किया था। पर्याप्त सबूत मिलने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस की चेतावनी
गिरफ्तारी में चौकी प्रभारी कोतबा उपनिरीक्षक बृजेश यादव, आरक्षक बूटा सिंह, अभय चौबे और पुस्तम यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने कहा, “गांजा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों को भी पुलिस ने चिन्हित कर लिया है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!