विश्व संस्कृत दिवस समारोह: संस्कृत गीत, भाषण व नृत्य से गूंजा विद्यालय परिसर
फरसाबहार।

विश्व संस्कृत दिवस, जो प्राचीन भारतीय भाषा संस्कृत के पुनरुद्धार और संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष मनाया जाता है, आज एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय फरसाबहार में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विशेष सभा का आयोजन किया गया, जिसकी रूपरेखा विद्यालय के प्राचार्य श्रीयुत अनिल कुमार भारद्वाज के मार्गदर्शन में तैयार की गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्वामी आत्मानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के संस्कृत अध्यापक लालेश्वर भगत, विशिष्ट अतिथि मनोज निषाद तथा अंग्रेजी माध्यम के संस्कृत अध्यापिका प्रीति शर्मा उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुधांशु सिंह ने की, वहीं संचालन संस्कृत शिक्षक मानस रंजन दास द्वारा किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण कुलदीप तिग्गा, अनुराधा, अनुरानी, अंकित कुमार केसरी, अभिषेक, भगवंत सिंह और मृत्युंजय राणा की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह के दौरान छात्रों ने मंगलाचरण, संस्कृत गीत, प्रभावशाली भाषण और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें संस्कृत भाषा की समृद्धि और सांस्कृतिक महत्व को सुंदर ढंग से प्रदर्शित किया गया।

कार्यक्रम का समापन संस्कृत के महत्व पर प्रेरणादायी उद्बोधन और सभी अतिथियों के आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। पूरा विद्यालय परिसर संस्कृत की मधुर वाणी और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!