ओडिशा सीमा पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: अवैध धान से भरी तीन पिकअप जब्त, बिचौलियों में हड़कंप

जशपुर। जिले में धान खरीदी शुरू होते ही प्रशासन पूर्णत: एक्शन मोड में आ गया है। फरसाबहार ब्लॉक में बिचौलियों और धान माफियाओं की गतिविधियों पर रोक लगाने प्रशासन ने बीती रात बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। एसडीएम और तहसीलदार की संयुक्त टीम ने ओडिशा सीमा के पास छापामार अभियान चलाते हुए अवैध धान से भरी तीन पिकअप वाहनों को जब्त किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र के बिचौलियों में हड़कंप मच गया है।

सीमा पर ‘रतजगा’, तीन वाहन पकड़े गए
सूत्रों के अनुसार, प्रशासन को सूचना मिली थी कि पड़ोसी राज्य ओडिशा से अवैध धान लाकर स्थानीय खरीदी केंद्रों में खपाने की तैयारी की जा रही है। सूचना मिलते ही एसडीएम ओम कारेश्वर सिंह ने तहसीलदार के साथ मिलकर एक संयुक्त टीम का गठन किया। टीम ने ओडिशा सीमा पर रातभर पहरा देते हुए नाकेबंदी की।

निगरानी के दौरान तीन पिकअप वाहनों को अवैध रूप से धान परिवहन करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।

वाहन और धान जब्त, पुलिस को सौंपा गया जखीरा
तत्काल कार्रवाई करते हुए टीम ने तीनों वाहनों को जब्त कर उनमें लदे धान सहित पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पूरा माल तुमला थाना में जमा कराया गया है, जहां आगे की वैधानिक प्रक्रिया जारी है।

प्रशासन की इस सख्त और तेज कार्रवाई ने अवैध कारोबार करने वालों की नींद उड़ा दी है और जिले में धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने का स्पष्ट संदेश दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!