मानव–हाथी द्वंद व वनाग्नि को लेकर महुआडीह में जागरूकता बैठक, ग्रामीणों के साथ निकली बाइक रैली

जशपुर /गांझियाडीह। वन परिसर गांझियाडीह के अंतर्गत ग्राम पंचायत महुआडीह में मानव–हाथी द्वंद एवं वर्तमान अग्नि सीजन को ध्यान में रखते हुए जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनपद सदस्य पुकेश साय पैंकरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस कार्यक्रम में वन विभाग के BFO नंदकुमार यादव के नेतृत्व में किया गया।
बैठक में ग्राम पंचायत जामटोली के सरपंच, पंचगण, जनप्रतिनिधिगण, ग्रामीण युवक, स्कूल प्रांगण के छात्र-छात्राएं, गुरुजन, आरआरटी (RRT) दल के सदस्य, फायर वाचर तथा वृक्षारोपण श्रमिक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को मानव–हाथी द्वंद से बचाव के उपायों तथा वर्तमान अग्नि सीजन में वनाग्नि से बचाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। ग्रामीणों से अपील की गई कि जंगलों एवं वन क्षेत्र में आग न लगाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें। साथ ही हाथियों की गतिविधि दिखाई देने पर जंगल की ओर न जाएं तथा सुरक्षित दूरी बनाए रखते हुए तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
बैठक के पश्चात अग्नि जागरूकता अभियान के तहत बाइक रैली भी निकाली गई। यह रैली महुआडीह शुकबासी पारा से प्रारंभ होकर कोरवा टोली, धावराडॉड, डांगबंधी होते हुए पत्तेबहाल गांझियाडीह चौक तक निकाली गई। रैली में जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और नारेबाजी के माध्यम से लोगों को वनाग्नि से होने वाले नुकसान एवं उसके बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!