मुंगेली जिले के लोरमी वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम चेचानडीह में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब महुआ बीनने गए ग्रामीणों पर जंगली भालू ने हमला कर दिया।

जानकारी के अनुसार, गांव के तीन लोग सुबह महुआ बीनने जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान अचानक भालू ने हमला कर दिया। हमले में गेंदलाल गोड़ और उनके एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक महिला किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग निकली।

भालू के हमले में घायलों के शरीर के कई हिस्सों, यहां तक कि गुप्तांग में भी गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों द्वारा तत्काल दोनों घायलों को लोरमी के 50 बिस्तर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉ. परमेश्वर कश्यप ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल मुंगेली रेफर कर दिया।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि महुआ फूल के मौसम में जंगली भालू अक्सर गांवों की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!