फरसाबहार क्षेत्र के ग्राम सिमाबारी में शनिवार सुबह एक हृदय विदारक घटना सामने आई, जहां एक गरीब परिवार का आशियाना अचानक लगी आग में जलकर पूरी तरह तबाह हो गया। सुबह करीब 7 बजे घर से उठती धुआं और आग की तेज लपटों को देखकर आसपास के लोग स्तब्ध रह गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था, जिससे आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बोरवेल से पाइप के माध्यम से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पा लिया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि यह मकान घुरन राम प्रधान का था। सूचना मिलते ही पटवारी श्री मदन राम भगत मौके पर पहुंचे और घटना की जांच में जुट गए हैं।
इस भीषण आगजनी में घर का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा जलकर राख हो गया। घर में रखे जमीन के जरूरी कागजात, नगद राशि, धान-चावल सहित समस्त घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। पीड़ित परिवार की महिला की आंखों से बहते आंसू इस दर्दनाक हादसे की गहराई को बयां कर रहे थे—वर्षों की मेहनत और खून-पसीने से बनाया गया आशियाना पल भर में खाक हो गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र राहत एवं उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की है, ताकि परिवार को इस कठिन परिस्थिति से उबरने में सहायता मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!