अंकिरा /जशपुर /छत्तीसगढ़

क्षेत्र के ग्राम अंकिरा में उस समय अद्भुत श्रद्धा और भक्ति का संगम देखने को मिला, जब बाबा श्याम का पावन शीश गांव पहुंचा। शीश के आगमन की सूचना मिलते ही पूरे गांव में उत्साह का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्वागत के लिए उमड़ पड़े। श्याम भक्तों ने ढोल-नगाड़ों, भजन-कीर्तन और जयकारों के साथ शीश का भव्य स्वागत किया। “हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा” के जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा और गांव पूरी तरह भक्तिमय रंग में रंग गया।
इस पावन अवसर पर स्वर्गीय श्री त्रिलोचन सिंह जी की प्रथम पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में भव्य श्री श्याम संकीर्तन एवं भजन संध्या का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन उनके सुपुत्र सागर सिंह द्वारा अपने पैतृक ग्राम अंकिरा में श्रद्धापूर्वक कराया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य न केवल अपने पिता की स्मृति को सम्मान देना है, बल्कि क्षेत्र में धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण को भी सुदृढ़ करना है।

कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और श्रद्धालुओं के लिए बैठने, प्रसाद वितरण एवं अन्य सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की जा रही है। आयोजन समिति के सदस्य भी तैयारियों में जुटे हुए हैं ताकि कार्यक्रम सफल और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
भजन संध्या में अयोध्या से प्रसिद्ध भजन गायिका गुनगुन दुबे एवं गायक संदीप शर्मा अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगे। उनके द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले श्याम भजन कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण होंगे।
इस धार्मिक आयोजन में ओडिशा, जशपुर और झारखंड सहित आसपास के कई क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्याम भक्तों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, उत्साह और उमंग का वातावरण बना हुआ है, जिससे अंकिरा इन दिनों भक्ति के रंग में पूरी तरह रंगा नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!