फरसाबहार में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के अंतर्गत रविवार को हेलमेट जागरूकता बाइक रैली का भव्य आयोजन किया गया। इस रैली का नेतृत्व डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने किया। रैली में पुलिस प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, शासकीय कर्मचारियों, युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
फरसाबहार थाना परिसर से प्रारंभ हुई यह बाइक रैली क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं ग्रामीण इलाकों से होकर गुजरी। रैली में शामिल सभी बाइक चालकों ने हेलमेट पहनकर आमजन को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। पूरे मार्ग में लोगों को यातायात नियमों के पालन, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में अधिकांश मौतें हेलमेट नहीं पहनने और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं। ऐसे में लोगों को स्वयं जागरूक होकर नियमों का पालन करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने से बचें तथा अपने परिवार और समाज की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।
रैली में थाना प्रभारी विवेक भगत, क्षेत्र के सरपंच एवं जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में पुलिस कर्मचारी, यातायात स्टाफ और नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन का संकल्प भी दिलाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!