
थाना बागबहार क्षेत्र के ग्राम झारपारा में युवक को रस्सी से बांधकर मारपीट करने का वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं सहित एक ही परिवार के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पीड़ित जोगेंद्र बढ़ाई की रिपोर्ट पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी और पीड़ित आपस में पड़ोसी हैं तथा छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होता रहता था। घटना के दिन गाली-गलौज को लेकर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद आरोपियों ने युवक को रस्सी से बांधकर डंडे और लोहे की सरिया से मारपीट की। घटना का वीडियो गांव के एक व्यक्ति ने बना लिया था, जो बाद में वायरल हो गया।
पुलिस ने मामले में नवीन बंजारा, भगवती बंजारा, दिनेश बंजारा और अंजुलता बंजारा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त रस्सी, डंडा और लोहे की सरिया भी जप्त की गई है। मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी अशोक कुमार शर्मा सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
➡️ मामले में डी आई जी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह ने बताया कि बागबाहर क्षेत्रांतर्गत एक युवक को रस्सी से बांध कर मारपीट करते हुए वायरल वीडियो के मामले में पुलिस ने पीड़ित प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बागबहार में अपराध दर्ज किया था, मामले से जुड़े चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जिन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
















