फरसाबहार क्षेत्र के समडमा बरघाटी में मंगलवार की सुबह करीब 9:30 बजे एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार तपकरा की ओर आ रही कोयला लोड ट्रक घाटी मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान सामने से एक अन्य ट्रक आ जाने से दोनों वाहन आमने-सामने आ गए। संकरी घाटी सड़क होने के कारण अचानक स्थिति बिगड़ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर से बचने के लिए ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि ट्रक चालक इस दुर्घटना में सुरक्षित बताया जा रहा है और उसे गंभीर चोट नहीं आई है।
घटना के बाद घाटी मार्ग पर कुछ समय तक आवागमन प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने बताया कि समडमा बरघाटी में सड़क संकरी होने और भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण अक्सर हादसे की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से घाटी मार्ग में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!