जशपुर शहर के लक्ष्मी गुड़ी मंदिर के पास स्थित एक किराना दुकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए जशपुर पुलिस ने चोरी में शामिल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चोरी का सामान खरीदने वाला दुकानदार भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में राशन सामग्री, नगदी और घटना में प्रयुक्त ऑटो जब्त किया है।

मामला 08 और 09 मई 2026 की दरमियानी रात का है, जब किराना व्यापारी विक्रम ताम्रकार की दुकान का शटर तोड़कर चोर लाखों रुपये की सामग्री लेकर फरार हो गए थे। प्रार्थी की शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली जशपुर में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर एसडीओपी चंद्रशेखर परमा के नेतृत्व में चार विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, साइबर टीम और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।
जांच के दौरान पुलिस ने जशपुर के नवाटोली, बनिया टोली, सरना टोली और करबला रोड निवासी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें चोरी की घटना का खुलासा हुआ। आरोपियों ने बताया कि चोरी का सामान झारखंड के गुमला जिले के सकतारा गांव निवासी दुकानदार अमृत लाल केरकेट्टा को बेचा गया था। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 58 डिब्बा 13 लीटर रिफाइन तेल, 7 बोरी चावल, 34 बोतल सरसों तेल, साबुन की पेटी, सिगरेट पैकेट सहित अन्य सामान बरामद किया है। साथ ही चोरी की बिक्री से मिले 1005 रुपये और इस्तेमाल किया गया ऑटो भी जब्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में विरेन्द्र भगत, अजय रवानी, कार्तिक भगत, पमित बरला, अमृत लाल केरकेट्टा और नवाजिश खान शामिल हैं। पुलिस ने पांच आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि फरार आरोपी नवाजिश खान को सिमडेगा झारखंड से पकड़कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!