महिलाओं और बच्चों के सशक्तिकरण पर दिया गया जोर, उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व महिलाओं का हुआ सम्मान

फरसाबहार :- पुराईनबंध। सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पुराईनबंध में ‘आंगन मिलन सेवा उत्सव’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्र की महिलाओं, बच्चों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं सहित ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

👉*कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला पंचायत सदस्य श्रीमती दुलारी सिंह (बीडीसी), सरपंच एवं पंचगण, जिला किसान मोर्चा महामंत्री श्री कपिलेश्वर सिंह सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।*

कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित गतिविधियों तथा राज्य सरकार द्वारा महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों के लिए संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। विभागीय अधिकारियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और महिलाओं एवं बच्चों के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में जानकारी साझा की।
बच्चों ने दी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
आयोजन के दौरान बच्चों ने गीत एवं नृत्य की सुंदर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों पर कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। वहीं माताओं एवं बहनों के लिए विभिन्न मनोरंजक एवं सहभागितापूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें महिलाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इससे महिलाओं और बच्चों में उत्साह देखने को मिला।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने सम्मानित महिलाओं एवं आंगनबाड़ी परिवार के सदस्यों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं और बच्चों का सशक्तिकरण समाज के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी है। शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही सेवा का वास्तविक उद्देश्य है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं, बच्चों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को एक मंच मिलता है तथा उनमें नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होता है।
‘आंगन मिलन सेवा उत्सव’ के दौरान ग्रामीणों में भी काफी उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम ने महिलाओं एवं बच्चों की प्रतिभा को सामने लाने के साथ-साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का कार्य किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!