अंकिरा: फरसाबहार में 2.19 करोड़ से बनी महुवाडीह–कोसाबाड़ी सड़क, हजारों ग्रामीणों को राहत
अंकिरा, फरसाबहार विकास खंड में ग्रामीण अधोसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा गांव-गांव तक सड़क, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
इसी क्रम में दक्षिणी क्षेत्र अंतर्गत महुवाडीह से कोसाबाड़ी तक लगभग 4 किलोमीटर लंबी पक्की सड़क का निर्माण मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 2 करोड़ 19 लाख रुपये की लागत से कराया गया है। यह मार्ग लंबे समय से कच्चा था, जिससे बरसात में कीचड़ और जलभराव की समस्या बनी रहती थी। दोपहिया और चारपहिया वाहन अक्सर फंस जाते थे, वहीं गर्मी में उड़ती धूल से ग्रामीणों को परेशानी झेलनी पड़ती थी।
अब सड़क बनने से महुआडीह, गंझियाडीह, जामटोली सहित दर्जनों गांवों के हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिल रहा है। स्कूली बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित होगी और गर्भवती महिलाओं व मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने में अब देरी नहीं होगी। आपातकालीन सेवाओं की पहुंच भी पहले की तुलना में अधिक सुगम हो गई है।
यह सड़क स्टेट हाईवे से जुड़ने के कारण क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति देगी। किसान अपनी उपज, विशेषकर धान और अन्य फसलों को मंडी तक आसानी से पहुंचा सकेंगे। परिवहन लागत और समय में कमी आएगी, जिससे स्थानीय व्यापार और बाजार व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
ग्रामीणों ने वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर राज्य सरकार और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि यह सड़क क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।Ms सुनील कुमार अग्रवाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!