रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

जशपुर।
जशपुर जिले सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों और शहरी क्षेत्रों में शनिवार को श्रावण पूर्णिमा के अवसर पर भाई-बहन के अटूट रिश्ते का पर्व रक्षाबंधन पूरे हर्षोल्लास और पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। सुबह से ही बाजारों में रौनक देखने को मिली। तपकरा, दुलदुला, जशपुर, कुनकुरी, पत्थलगांव समेत विभिन्न कस्बों के बाजारों में राखी और मिठाई खरीदने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। मिठाई की दुकानों, राखी के स्टॉलों और गिफ्ट सेंटरों पर ग्राहकों की लंबी कतारें लगी रहीं।

त्योहार की सुबह बहनों ने स्नान-ध्यान कर पारंपरिक थाल सजाई, जिसमें राखी, अरवा चावल, सिंदूर, चंदन, मिठाई, दीपक और कांसे की थाली शामिल रही। विधिवत पूजा-अर्चना के बाद बहनों ने अपने भाइयों की कलाई में राखी बांधी, मस्तक पर तिलक लगाया और दीप जलाकर आरती उतारी। इसके बाद अक्षत और अरवा चावल भाइयों के सिर पर रखकर उनकी दीर्घायु और सुख-समृद्धि की कामना की। भाईयों ने भी बहनों को उपहार और मिठाई देकर उनके प्रति अपने स्नेह और सुरक्षा के वचन को दोहराया।

जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी रक्षाबंधन का उत्सव पूरी आस्था और उत्साह से मनाया गया। गांवों में महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सज-धज कर भाइयों के घर पहुंचीं और पूरे विधि-विधान से राखी बांधने की रस्म निभाई। इस अवसर पर परिवारों में मिलन और आपसी प्रेम का वातावरण देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!