जशपुर पुलिस ने बलात्कार के आरोपी तन्नू आलम को 24 घंटे के भीतर किया गिरफ्तार

जशपुरनगर, 16 जुलाई 2025:
जशपुर पुलिस ने महिला से दुष्कर्म और मारपीट के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी तन्नू आलम उर्फ अल्फाज (23 वर्ष) निवासी करबला रोड, जशपुरनगर को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 22 वर्षीय युवती ने 15 जुलाई को थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि वर्ष 2023 से उसका आरोपी से परिचय था, जो समय के साथ प्रेम संबंध में बदल गया। 8 मार्च 2024 को आरोपी ने शादी का झांसा देकर एक किराये के मकान में उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद लगातार उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा।

मई 2024 में युवती गर्भवती हो गई, तो आरोपी ने दवाई खिलाकर गर्भपात करा दिया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। 14 जुलाई की रात भी आरोपी ने उसे बेरहमी से पीटा, जिससे वह बेहोश हो गई। होश में आने के बाद पीड़िता ने परिजनों की मदद से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने तत्काल धारा 69, 88, 115(2) के तहत मामला दर्ज किया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक आशीष तिवारी के नेतृत्व में करबला रोड स्थित आरोपी के घर पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया।

आरोपी को 16 जुलाई को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। इस कार्रवाई में सउनि स्नेहलता सिंह, सउनि एस.एन. पाल सहित अन्य स्टाफ का भी योगदान रहा।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा, “जशपुर पुलिस महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। ऐसे मामलों में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!