सिंगीबहार सब स्टेशन निर्माण में देरी: सेंटरिंग के 15 दिन बाद भी नहीं हुई ढलाई, कार्य ठप

जशपुर।

सिंगीबहार में निर्माणाधीन विद्युत सब स्टेशन का कार्य इन दिनों धीमी गति से चल रहा है। जानकारी के अनुसार, ढलाई के लिए आवश्यक सेंटरिंग कार्य ठेकेदार द्वारा लगभग 15 दिन पूर्व ही पूरा कर लिया गया था, लेकिन अब तक ढलाई की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है।

स्थानीय सूत्रों का कहना है कि निर्माण कार्य प्रशासनिक अनुमति के अभाव में बीते दो सप्ताह से पूरी तरह रुका हुआ है। ढलाई की तारीख कई बार तय की गई, पर हर बार किसी न किसी कारण से इसे आगे बढ़ा दिया गया। इससे न केवल निर्माण में देरी हो रही है, बल्कि पहले से की गई सेंटरिंग सामग्री के खराब होने की भी आशंका बढ़ गई है।

गुरुवार को एक बार फिर ढलाई की उम्मीद थी, लेकिन मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के बगिया क्षेत्र दौरे के चलते सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक व्यस्तताओं के कारण कार्य को पुनः स्थगित कर दिया गया।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का कहना है कि यह सब स्टेशन तैयार होने के बाद क्षेत्र के सैकड़ों उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा और बिजली आपूर्ति व्यवस्था पहले से अधिक सशक्त और स्थिर हो सकेगी। ऐसे में कार्य में हो रही अनावश्यक देरी चिंता का विषय बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!