गुंडागर्दी पड़ी भारी: मारपीट कर बाइक और नकदी लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया

जशपुर।

सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवक से मारपीट कर उसकी बाइक और नकदी लूटने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान परमजीत सिंह (उम्र 19 वर्ष), निवासी प्रेमनगर, जशपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी से लूटी गई मोटरसाइकिल, नकदी और घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है।

🔹 क्या है मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी कलिंदर राम (36 वर्ष), निवासी बुमतेल, थाना सिटी कोतवाली जशपुर ने 21 जुलाई 2025 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह डोड़काचौरा में अपने दोस्त से मिलने गया था। रात करीब 11 बजे जब वह अकेले अपनी मोटरसाइकिल (बजाज पल्सर, CG14-MT-5790) से घर लौट रहा था, तभी आम बगीचा के पास पहले से परिचित युवक परमजीत सिंह ने रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट की और डरा-धमका कर उसकी मोटरसाइकिल व जेब में रखे ₹1000 लूट लिए। बाइक की अनुमानित कीमत करीब ₹40,000 बताई गई है।

🔹 तेजी से हुई पुलिस कार्रवाई

प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने IPC (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 309(4) के तहत मामला पंजीबद्ध किया और त्वरित जांच शुरू की। घटना स्थल का निरीक्षण कर पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी जशपुर बस स्टेशन में देखा गया है। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।

🔹 सबूतों सहित कबूल किया अपराध

पुलिस पूछताछ में परमजीत सिंह ने अपराध कबूल किया। उसकी निशानदेही पर उसके घर से लूटी गई मोटरसाइकिल, नकदी तथा घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया। सभी सबूतों के आधार पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि मारपीट कर जबरन मोटर साइकल व रुपए लूटने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। गुंडा गर्दी करने वालों के खिलाफ पुलिस के द्वारा सख्त कानूनी कार्यवाही की जावेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!