विकासखण्ड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का भव्य आयोजन – मुख्य अतिथि श्रीमती कौशल्या विष्णुदेवसाय की गरिमामयी उपस्थिति रही आकर्षण का केंद्र

फरसाबहार, 19 जुलाई:
विकासखण्ड फरसाबहार में शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास एवं सांस्कृतिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ। इस विशेष अवसर पर कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनप्रिय नेता एवं शिक्षाप्रेमी श्रीमती कौशल्या विष्णुदेवसाय जी रहीं, जिनकी गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष स्वरूप प्रदान किया।

कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती की वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। मंच संचालन सजेस फरसाबहार के प्रतिभाशाली छात्र प्रत्यूष तिवारी एवं छात्रा आकांक्षा भगत ने किया। एकलव्य विद्यालय एवं सजेस फरसाबहार के बच्चों द्वारा प्रस्तुत छत्तीसगढ़ी लोकसंस्कृति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस अवसर पर नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का पारंपरिक तरीके से तिलक, चंदन व पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया गया। उन्हें पाठ्यपुस्तकें, गणवेश, साइकिल एवं शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। मुख्य अतिथि द्वारा बच्चों को आशीर्वचन देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

करीब 1200 छात्र-छात्राएं, शिक्षक, पालक एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति ने आयोजन को भव्यता प्रदान की। कार्यक्रम में शैक्षिक उत्कृष्टता प्रदान करने वाले शिक्षकों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे उनमें नई ऊर्जा का संचार हुआ।

उपस्थित गणमान्य जनप्रतिनिधियों में प्रमुख रूप से श्री वेद प्रकाश भगत (जिला पंचायत सदस्य), श्री मुक्तेश्वर साय (मंडल अध्यक्ष), श्रीमती हेमंती भरत साय (जनपद पंचायत अध्यक्ष), भजन साय (निज सचिव, मुख्यमंत्री जी), श्रीमती संध्या सिंह (अध्यक्ष, शिक्षा समिति) सहित अन्य सम्माननीय अतिथि सम्मिलित हुए।

जिला शिक्षा अधिकारी श्री प्रमोद कुमार भटनागर, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी श्री दुर्गेश देवांगन, श्री देवेन्द्र कुमार सिंह, श्री रविंद्रनाथ साय (ABEO), श्री दादू प्रसाद चन्द्रा (प्रभारी BPO), एवं श्री प्रभाकांत सरोज, सुश्री ज्योत्सना कोलहारी (तहसीलदार), तथा अन्य अधिकारियों एवं शिक्षकों का कार्यक्रम को सफल बनाने में सराहनीय योगदान रहा।

एकलव्य विद्यालय एवं संकुल शैक्षिक समन्वयकों द्वारा पूरे समर्पण के साथ कार्यक्रम का संचालन, अतिथि सत्कार व भोजन की व्यवस्था की गई।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि महोदया द्वारा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत विद्यालय परिसर में आम का पौधा रोपित किया गया, जो पर्यावरण संरक्षण एवं भावनात्मक जुड़ाव का प्रेरणादायक संदेश देता है।

यह आयोजन बच्चों, शिक्षकों व पालकों के बीच शिक्षा के प्रति नई आशा, ऊर्जा और संकल्प का संचार करने में सफल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!